Uttarakhand Bus Accident: हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 8 की मौत, 20 घायल

ऋषिकेश। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी बस
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर बाजार के समीप पहुंचते ही बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
20 घायलों को निकाला गया, रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, हादसे के बाद चार शव बरामद किए गए थे। वहीं, खाई में गिरे अन्य लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, घायलों में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, असम और दिल्ली के यात्री शामिल हैं।
- मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड।
- राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार।
- अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंहनगर।
- प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर।
- अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड।
- बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड।
- आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
- नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
- राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड।
- जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली।
- पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग।
- संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
- वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं, खाई में फंसे यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।




