CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 20-21 नवंबर को भारी बारिश के आसार; बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कुछ अन्य इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि, मंगलवार यानी 17 नवंबर को राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
रायपुर में आज साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में सबसे अधिक 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
20 और 21 नवंबर को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में हल्की बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में 25 दिनों में तीसरा तूफान
बंगाल की खाड़ी में 25 दिनों के भीतर तीसरा तूफान बनने की स्थिति बन रही है। समुद्र के पानी का तापमान अनुकूल बने रहने और हवाओं की परिस्थितियों के चलते चक्रवाती गतिविधियां जारी हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 17 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। अनुमान है कि यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 19 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है।




