#अंतरराष्ट्रीय #राष्ट्रीय

ASEAN-India Summit: पीएम मोदी बोले- भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े, साझेदारी को मिलेगी नई दिशा

Advertisement Carousel

नई दिल्ली/मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैश्विक चुनौतियों के बीच शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में दुनिया को सबसे अधिक शांतिपूर्ण और स्थिर माहौल की आवश्यकता है। इस वर्ष की थीम ‘हम सब मिलकर अपने भविष्य की राह तय करें’ मौजूदा परिस्थितियों में विशेष महत्व रखती है।

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले वर्षों में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों ही हमारी साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भारत और आसियान के पास आपसी सहयोग को नई दिशा देने की क्षमता और संकल्प दोनों हैं। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान के बीच साझेदारी को नई गति मिली है। अब समय है कि मिलकर क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय की जाए। आसियान की एकता और इस क्षेत्र में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी।

एक्ट ईस्ट नीति से भारत-आसियान संबंधों को मिली मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने पिछले कुछ वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई प्रदान की है। अब यह साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी विस्तार कर रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ान सेवाएं तथा पर्यटन में हो रही बढ़ोतरी दोनों पक्षों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाती है।

मनीला के गुरुद्वारे में पीएम मोदी ने टेका मत्था

फिलीपींस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया और स्थानीय सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात की।

गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री की मौजूदगी के दौरान सिख समुदाय के लोगों में उत्साह देखने को मिला। उनका यह दौरा भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक एवं सामुदायिक संबंधों को भी रेखांकित करता है।