#प्रदेश

कोरबा में स्कूली बच्चों की शर्मनाक करतूत, शराब-सिगरेट और गांजा पीते वीडियो वायरल,2 छात्राओं समेत 7 विद्यार्थियों को TC का नोटिस

Advertisement Carousel

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ छात्र-छात्राएं शराब, सिगरेट और गांजे का सेवन करते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो छात्राओं और पांच छात्रों सहित कुल सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का नोटिस जारी किया है।

शराब-सिगरेट और गांजा पीते दिखे छात्र-छात्राएं

पूरा मामला पाली विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धतूरा का है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 नवंबर का है। वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं कथित तौर पर शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

बैठक के बाद सात विद्यार्थियों को TC का नोटिस

वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया। प्राचार्य बलभद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में मामले पर चर्चा के बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों समेत सात विद्यार्थियों को TC जारी करने का नोटिस दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई जानकारी

इस पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से भेज दी गई है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।