#प्रदेश

बिलासपुर में खूनी पारिवारिक विवाद: पत्नी के भाई ने जीजा पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Advertisement Carousel

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा में एक युवक पर उसके साले ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया और आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। एहतियातन मोहल्ले में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

डेढ़ साल पहले युवती को भगाकर की थी शादी

मिली जानकारी के मुताबिक, समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले उसने मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को अपने साथ ले जाकर शादी कर ली थी। उस समय युवती नाबालिग थी। इस मामले में समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

मजार से लौटते वक्त हुआ आमना-सामना, फिर चाकूबाजी

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर ओमप्रकाश ने कथित तौर पर चाकू निकालकर समीर पर लगातार वार कर दिए। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी के परिजनों ने भी लगाए आरोप

घटना को लेकर आरोपी के परिजनों का कहना है कि चाकू से हमला करने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद ओमप्रकाश ने उस पर चाकू से वार किया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, इलाके में पुलिस बल तैनात

चाकूबाजी की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल समीर को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को देखते हुए किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।