#राष्ट्रीय

Cyclone Akvan: ओडिशा तट पर चक्रवात अकवान का लैंडफॉल शुरू, पुरी-कोणार्क के समुद्र तट खाली; गोपालपुर में 186 मिमी बारिश

Advertisement Carousel

भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान ने ओडिशा के तटीय इलाकों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह गोपालपुर के दक्षिण में करीब 60 किलोमीटर और पुरी से लगभग 160 किलोमीटर दूर चक्रवात की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू होने की सूचना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह प्रक्रिया करीब दो घंटे तक जारी रह सकती है। तूफान के प्रभाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर पुरी, कोणार्क और चंद्रभागा के समुद्र तटों को खाली करा दिया गया है। समुद्र तटों पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। साथ ही तटीय क्षेत्रों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन माझी ने रातभर की तैयारियों की समीक्षा

चक्रवात से निपटने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रातभर अधिकारियों के साथ तैयारियों और हालात की समीक्षा की। उन्होंने जमीनी स्तर पर तैनात अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चक्रवात के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में हर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गोपालपुर में 186 मिमी बारिश, कई इलाकों में भारी वर्षा

चक्रवात अकवान के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालपुर में सबसे अधिक 186 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं चांदीपुर में 114 मिलीमीटर, पारादीप में 93 मिलीमीटर और मोहना में 77 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

तटीय इलाकों में राहत-बचाव दल अलर्ट, लोगों से घरों में रहने की अपील

लैंडफॉल के दौरान तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए तटीय जिलों में राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखा गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, समुद्र तटों और संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।