#crime #प्रदेश

भोपाल से रायपुर जा रहा 15 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त, खाद्य विभाग को एनालॉग होने का शक

Advertisement Carousel

खैरागढ़। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ में खाद्य सामग्री की सप्लाई के दौरान 1500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़े जाने का मामला सामने आया है। भोपाल से रायपुर जा रही एक पिकअप को खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से 30 कार्टून पनीर बरामद हुए। शुरुआती जांच में खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसके एनालॉग पनीर होने की आशंका जताई है। हालांकि, पनीर की वास्तविक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

चेकपोस्ट पर जांच के दौरान पकड़ी गई खेप

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे साल्हेवारा थाना के सामने पुलिस की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप (MP 04 WC 8384) को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन चालक शिशुपाल ने पूछताछ में बताया कि पिकअप में पनीर लोड है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर पहुंचाया जा रहा है।

पुलिस ने मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी। इसके बाद वाहन को जिला मुख्यालय लाकर खाद्य विभाग की टीम ने जांच की।

50-50 किलो के 30 कार्टून में मिला पनीर

वाहन की तलाशी लेने पर 50-50 किलो के 30 कार्टून बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब 1500 किलो यानी 15 क्विंटल बताया गया है। चालक के अनुसार, पनीर की यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर पहुंचाई जानी थी। जांच के दौरान चालक पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका।

एनालॉग पनीर होने की आशंका, लैब भेजे गए सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे के मुताबिक, पनीर की शुद्धता से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। शुरुआती तौर पर यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लैब रिपोर्ट खोलेगी पनीर की गुणवत्ता का राज

1500 किलो पनीर की इस खेप के पकड़े जाने के बाद खाद्य सामग्री की अंतरराज्यीय सप्लाई और गुणवत्ता जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पनीर बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के कैसे परिवहन किया जा रहा था? क्या यह सामान्य पनीर था या एनालॉग उत्पाद? फिलहाल इन सवालों का जवाब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगा।