Cabinet Decisions: केंद्र सरकार के 5 बड़े फैसलों पर 20 हजार करोड़ से अधिक खर्च, डाकघरों का होगा कायाकल्प

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे और डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में पांच बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के इन फैसलों की जानकारी दी। इन परियोजनाओं पर कुल 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इनमें विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने, बंदरगाह और हवाई अड्डे के विस्तार के साथ डाक विभाग के आधुनिकीकरण की योजनाएं शामिल हैं।
किन पांच प्रमुख योजनाओं को मिली मंजूरी?
कैबिनेट ने निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र योजना के लिए 11 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं, तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा असम के डोलू, सिलचर में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 2,014 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
डाक विभाग की दो योजनाओं पर भी बड़ा निवेश
कैबिनेट ने डाक विभाग की कार्यप्रणाली और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए दो योजनाओं को मंजूरी दी है। डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
संपदा प्रबंधन योजना का उद्देश्य देशभर में डाकघरों और कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों का निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण करना है। इस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
1.65 लाख डाकघरों के बुनियादी ढांचे में होगा बदलाव
यह केंद्रीय क्षेत्र की योजना 16वें वित्त आयोग चक्र के दौरान जारी रहेगी। इसके तहत डाकघरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, एक समान ब्रांडिंग और ऐतिहासिक डाक भवनों के संरक्षण पर जोर दिया जाएगा।
इंडिया पोस्ट दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्क में शामिल है। देश में इसके करीब 1.65 लाख डाकघर हैं, जिनमें से 1,49,385 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। ये डाकघर डाक, बैंकिंग, बीमा और आधार सेवाओं के साथ-साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर निर्यात केंद्र के माध्यम से भी लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं।
योजना में क्या-क्या शामिल है?
संपदा प्रबंधन योजना के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
- 190 नए डाक भवन: 280 करोड़ रुपये की लागत से 190 नए विभागीय डाक भवन बनाए जाएंगे। इससे किराए के परिसरों पर निर्भरता कम होगी।
- 50 जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण: 108 करोड़ रुपये खर्च कर 50 पुराने और जर्जर डाक भवनों का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
- 2,550 उप-डाकघरों का नवीनीकरण: 318 करोड़ रुपये की लागत से विभागीय उप-डाकघरों का आधुनिकीकरण और एक समान ब्रांडिंग होगी।
- 2,500 किराए के डाकघरों का उन्नयन: इन डाकघरों की सुविधाओं और ब्रांडिंग पर 37.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ऐतिहासिक डाक भवनों और कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
योजना में विरासत संरक्षण के लिए 180 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत देश के 20 ऐतिहासिक डाक भवनों को बहाल और संरक्षित किया जाएगा।
वहीं, कर्मचारियों के कल्याण के लिए 357.50 करोड़ रुपये की लागत से 150 आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 100 करोड़ रुपये की संबद्ध और समावेशी गतिविधियां भी संचालित होंगी। इनमें सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन जैसी टिकाऊ सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
दिव्यांगों और महिलाओं के लिए भी बढ़ेंगी सुविधाएं
डाकघरों में सुगम्य भारत अभियान के अनुरूप सार्वभौमिक पहुंच की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत रैंप और ब्रेल साइनेज जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। महिलाओं के लिए अलग शौचालय और फीडिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
बेंगलुरु में बनेगा पोस्टल टेक्नोलॉजी सेंटर
डाक सेवाओं में तकनीकी सुधार के लिए बेंगलुरु में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (CEPT) का स्थायी बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। इस पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। केंद्र का उद्देश्य उन्नत डाक तकनीक और स्वदेशी ओपन-सोर्स टेक्नोलॉजी स्टैक को बढ़ावा देना है।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से डाक विभाग की सेवाएं अधिक आधुनिक, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनेंगी। साथ ही डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।




