#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, 87 हजार किसानों को मिला 838 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

Advertisement Carousel

मंत्री केदार कश्यप ने उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा और भंडारण व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में किसान अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। 26 नवंबर तक राज्य में 1,11,629 किसानों से 4,43,888 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। इस धान का कुल समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपये है। सरकार की ओर से अब तक 87,242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

इस साल धान बेचने के लिए प्रदेश के 28 लाख 6 हजार 802 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा के लिए 3,095 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। धान की तौल से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए।

धान की सुरक्षा को लेकर मंत्री ने जताई चिंता

खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान को सुरक्षित रखना भी सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सभी केंद्रों में पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि किसानों की मेहनत से उपजी फसल को किसी तरह का नुकसान न हो। मंत्री ने टोकन वितरण, तौल व्यवस्था और खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया है।

मोटा धान सबसे ज्यादा खरीदा गया

राज्य सहकारी बैंक से मिले आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 2,85,526.72 मीट्रिक टन मोटा धान, 1,15,672.84 मीट्रिक टन पतला धान और 42,688.20 मीट्रिक टन सरना धान की खरीदी की गई है।

राजनांदगांव जिला खरीदी में अव्वल

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव 43,394.64 मीट्रिक टन धान की खरीदी के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। बालोद में 38,299.60 मीट्रिक टन, महासमुंद में 38,055.20 मीट्रिक टन और बेमेतरा में 37,421.40 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।

इसके अलावा धमतरी में 29,779.24 मीट्रिक टन, दुर्ग में 26,849.04 मीट्रिक टन, कबीरधाम में 25,771 मीट्रिक टन और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 24,819.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।

राजधानी रायपुर में अब तक 16,357.68 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। वहीं बिलासपुर में 9,134 मीट्रिक टन, सरगुजा में 8,146 मीट्रिक टन और बस्तर में 5,349.04 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है।

प्रदेश में सबसे कम खरीदी सुकमा जिले में हुई है, जहां अब तक 2.24 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।