#प्रदेश

भिलाई निगम की आखिरी सामान्य सभा में जमकर बवाल, टेबल पर चढ़े पार्षद; घोड़े पर सवार होकर पहुंचे भाजपा पार्षद

Advertisement Carousel

14 एजेंडों को हंगामे के बीच मिली मंजूरी, विपक्ष ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप; सदन में कुर्सियां छोड़ आमने-सामने आए पार्षद

दुर्ग। भिलाई नगर निगम के पांच साल के कार्यकाल की आखिरी सामान्य सभा विकास कार्यों की चर्चा के बजाय सियासी टकराव और हंगामे की भेंट चढ़ गई। शुक्रवार को सदन में विवाद इतना बढ़ा कि पार्षद अपनी कुर्सियां छोड़कर आमने-सामने आ गए। भाजपा के पार्षदों ने विरोध जताते हुए जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया, वहीं वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने से इतने नाराज हुए कि टेबल पर चढ़कर सभापति की टेबल तक पहुंच गए। बढ़ते हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही भी बाधित करनी पड़ी।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच सभापति ने 14 एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ सामान्य सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। सदन के बाहर और भीतर हुए इस सियासी घटनाक्रम के बाद पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे पर आरोपों की झड़ी लगा दी।

फोटो सेशन से शुरुआत, सदन में पहुंचते ही बदला माहौल

सामान्य सभा शुरू होने से पहले माहौल काफी अलग था। पांच साल के कार्यकाल की अंतिम बैठक को यादगार बनाने के लिए सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन और पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने साथ में फोटो सेशन कराया। लेकिन जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, माहौल बदल गया। विकास के मुद्दों पर चर्चा की जगह आरोप-प्रत्यारोप और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

इस दौरान भाजपा पार्षद संतोष मौर्य घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचे। उनकी इस अनोखी एंट्री ने भी राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।

घुड़सवारी को बताया अपनी जीत का प्रतीक

पेपर ब्लॉक मामले में अपने आरोप सही साबित होने का दावा करते हुए संतोष मौर्य ने घुड़सवारी को अपनी जीत का प्रतीक बताया। वहीं महापौर नीरज पाल ने विपक्ष पर जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े 14 प्रस्ताव सामान्य सभा में रखे गए थे और सभी को पारित किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष बोले- पांच साल में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ

नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने सामान्य सभा में हुए हंगामे के लिए सत्ता पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल को अपने वार्ड की समस्याएं रखने तक का अवसर नहीं दिया गया। चर्चा से बचने के लिए सदन में हंगामे की स्थिति बनने दी गई।

भोजराज सिन्हा ने निगम के पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस दौरान विकास के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। इस तरह चुनाव से पहले भिलाई निगम की आखिरी सामान्य सभा भी विकास के एजेंडों से ज्यादा राजनीतिक आरोपों और हंगामे के कारण चर्चा में आ गई।