CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठिठुरन, अंबिकापुर में पारा 8.9 डिग्री; अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ही ठंड का असर तेज होने लगा है। आसमान साफ रहने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सरगुजा संभाग में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
अंबिकापुर में 8.9 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को सुकमा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
रायपुर में भी सुबह-शाम बढ़ी ठंड
राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले पिछले 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है।
प्रदेश के मौसम पर क्या है मौसमी सिस्टम का असर?
मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।




