मैट्स विश्वविद्यालय में मानवाधिकार जागरूकता पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

0 NHRC की सदस्य विजया भारती सयानी ने किया संबोधित
रायपुर। मैट्स विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), नई दिल्ली के सहयोग से मानवाधिकार जागरूकता को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘मानवाधिकार जागरूकता, संवैधानिक मूल्य, संस्थागत उपचार एवं कमजोर वर्गों का संरक्षण’ रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली की माननीय सदस्य श्रीमती विजया भारती सयानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इस दौरान राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि विजया भारती सयानी ने अपने संबोधन में प्रत्येक नागरिक की गरिमा और अधिकारों की रक्षा में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
वहीं, कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के साथ विश्वविद्यालय के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशेषज्ञों ने विभिन्न सत्रों में दी मानवाधिकारों की जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर के प्रोफेसर एवं अधिष्ठाता डॉ. योगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने मानवाधिकारों के अर्थ, विकास और भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों से उनके संबंध की जानकारी दी।
दूसरे सत्र में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व उप महाधिवक्ता डॉ. वीणा नायर ने भारत में मानवाधिकार संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग और न्यायालय किस प्रकार नागरिकों को न्याय दिलाने में मददगार साबित होते हैं।
तीसरे सत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, उनके लिए उपलब्ध कानूनी सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
वहीं, चौथे सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग में सहायक लोक अभियोजक श्री शुभम तोमर ने कमजोर वर्गों के अधिकारों पर जानकारी साझा की। उन्होंने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों को विस्तार से समझाया।
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रशिक्षण के प्रमुख निष्कर्षों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और उन्हें प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अंत में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, मुख्य अतिथि, कुलपति, विषय विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानवाधिकारों, संवैधानिक मूल्यों तथा समाज के कमजोर वर्गों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





