Close

राहगीरों पर डंडे, राड से नकाब पोशों का हमला,दहशत फैली पुलिस ने बढ़ाई पेट्रोलिंग

सौरभ सतपथी
सरायपाली।विगत कुछ दिनों से शहर के आस-पास सुनसान जगहों पर कुछ नकाबपोश आपराधिक तत्वों के द्वारा रात्रि के समय आने-जाने वालों पर हमले की घटनाएँ सामने आई है। अचानक इस प्रकार की घटनाओं से शहर से काम करने के बाद रात्रि के समय अपने घर लौटने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं शहर के कुछ कॉलोनियों में भी देर रात अज्ञात लोगों के घूमने की घटनाएँ सीसी टीवी कैमरे में रिकार्ड की गई है। शहरवासियों द्वारा पुलिस गश्त पर भी अब सवाल उठाये जा रहे हैं।

लगभग सप्ताह भर से मुख्य मार्ग पर झिलमिला से बैतारी के बीच, सारंगढ़ मार्ग पर बोंदा से पहले, सरसीवां मार्ग पर बालसी के पहले आदि स्थानों पर ऊँचे पूरे कुछ अज्ञात लोगों द्वारा आने-जाने वाले लोगों पर डंडे या रॉड से हमला करने की घटनाएँ सामने आई हैं। जानकारी अनुसार अज्ञात नकाबपोश दो-तीन मोटरसायकल में आते हैं और अचानक किसी अन्य मोटरसायकल चालक पर डंडे या रॉड से वार कर देते हैं, जिससे बीते तीन-चार दिनों में अंचल के कुछ लोग घायल हो चुके हैं। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं बीती रात लगभग 2 बजे शहर के एक कॉलोनी सागर स्टेट में 4-5 लोग घूमते देखे गए, जिनकी तस्वीर कॉलोनी के सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। इस बीच पढ़ाई कर रही एक बालिका के शोर मचाने पर वे भाग गए। प्रतिदिन शहर में आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग विभिन्न काम के सिलसिले में आते हैं, जो रात्रि के समय घर लौटते हैं। बीते दिनों हुई घटनाओं से इन लोगों में भय व्याप्त है। इस तरह की घटनाओं से शहरवासियों द्वारा पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाना शुरू हो गया है। लोगों में चिंता दिखाई दे रही है।

नकाबपोशों के हमले से बाल-बाल बचे नगरपालिका के पम्प ऑपरेटर अरूण- ने बताया
कि वे 3 जनवरी को प्रतिदिन की तरह रात्रि लगभग 8.45 बजे अपने घर ग्राम चट्टीगिरोला वापस लौट रहे थे। झिलमिला से आगे जामबहेलियेन मंदिर के पास वे जैसे ही पहुँचे, उनके मोटरसायकल को ओव्हरटेक करते हुए एक अन्य काले रंग की मोटरसायकल उनसे कुछ दूर जाकर रूक गई। उसमें दो लोग सवार थे, जिनमें एक ऊँचा-पूरा था एवं एक युवक कुछ छोटा था। अचानक उनमें से एक युवक ने हाथ में रखे एक डण्डे से वार कर दिया, अरूण ने किसी तरह झुक कर अपनी जान बचाई और शोर करने लगे। इतने में हमलावर वहाँ से भाग गए। अरूण ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। जिसपर पुलिस टीम तुरंत वहाँ पर पहुँच गई। लेकिन हमलावर वहाँ से भाग चुके थे।

थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी मिली है। पुलिस की पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। शहर के बाहर सभी मार्गों पर पुलिस नजर रख रही है। शहर व आस-पास के होटलों, ढाबों पर भी संदिग्ध गतिविधियों की जाँच की जा रही है। उन्होंने शहरवासियों व आम जनों से भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि देखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

scroll to top