Close

राज्यसभा चुनाव : इतने करोड़ की मालकिन सोनिया गांधी के पास एक गाड़ी भी नहीं, इटली में भी प्रॉपर्टी, नामांकन पत्र में दी जानकारी

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। इसमें उन्होंने अपनी चल-अचल सम्पत्ति की जानकारी दी है। उन्होंने शपथ पत्र में अपनी कुल सम्पत्ति 12.53 करोड़ रुपए बताई है। इसमें उन्होंने कृषि भूमि से लेकर किताबों से होने वाली कमाई, सोना चांदी, बैंक में जमा धनराशि सहित अन्य जानकारियां दी हैं। अपने शपथ पत्र में उन्होंने बताया कि उनके पास उनके मूल देश इटली में अब भी सम्पत्ति है। इसके साथ ही उनके पास 88 किलोग्राम चांदी और 1.28 किलोग्राम सोना और जूलरी है। इसके अलावा, उनके पास दिल्ली में जमीन भी है। सोनिया गांधी ने राज्यसभा में नामांकन के लिए दिए गए शपथ पत्र में बताया है कि उनकी कमाई का एक स्रोत किताबों से मिलने वाली रॉयल्टी भी है।

सोनिया गांधी ने बताया है कि उनके पास 1.28 किलोग्राम सोना और 88 किलोग्राम चांदी है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग ₹1.07 करोड़ है। सोनिया गांधी ने बताया है कि उनके पास ₹90,000 नकद हैं, जबकि ₹5.30 लाख HDFC बैंक के एक खाते में हैं। उनके पास ₹3.88 करोड़ के म्युचुअल फंड निवेश भी हैं। उन्होंने ₹28.53 लाख के बॉन्ड खरीदे हुए हैं।

शपथ पत्र में सोनिया गांधी ने जो बताया है, उसमें आगे कहा गया है कि उनके पास अपनी कम्पनी यंग इंडिया लिमिटेड के शेयर भी हैं, इसको लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। इसके अलावा, उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से 1.69 लाख रुपए की रॉयल्टी मिलती है। इस तरह उनके पास कुल चल सम्पत्ति ₹6.38 करोड़ है। हालांकि, उनके पास अपनी कोई गाड़ी नहीं है।

scroll to top