Close

घर में घुसकर भाजपा नेता का किया मर्डर, बेटा गंभीर रूप से घायल

तिल्दा-नेवरा। थाना तिल्दा नेवरा अंतर्गत ग्राम जलसों में बीती रात भाजपा नेता की दर्जनभर से अधिक युवकों ने घर घुसकर हत्या कर दी। पिता को बचाने आए बेटे पर भी आरोपियों ने हमला किया। घटना में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। भाजपा नेता जितेंद्र पाल को हॉस्पिटल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे आयुष का गंभीर अवस्था में आईसीयू में इलाज जारी है। घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा ने आक्रोश व्यक्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार जलसों निवासी जितेंद्र पाल रात को खाना खाने के बाद अपनी मां और बेटे के साथ घर के आंगन में बैठा था। इस दौरान आशु सिंह उइके और उसके साथ एक दर्जन से भी अधिक युवक लाठी, हथियारों से लैस होकर जितेंद्र के घर पहुंचे और मारना शुरू कर दिया। इसी बीच आशु सिंह और एक दो अन्य युवकों ने जितेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले के बाद जितेन्द्र घायल होकर गिर गया था। पिता को लहूलुहान देख जब बेटा आयुष सामने आया तो,आरोपियों ने उस पर भी लाठियां बरसाईं और 13 से -14 बार चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। हत्या में शामिल सभी आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस की घेराबंदी के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया गया वहीं कुछ संदेहियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तगड़ी घेराबंदी कर रखी है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस कप्तान ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। उधर पुलिस को जानकारी मिली तो टीआई सुदर्शन ध्रुव दल बल के साथ स्वयं मौके पर पहुंच गए। सबसे पहले दोनों को निजी अस्पताल तिल्दा लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया, वहीं जितेन्द्र के बेटे आयुष को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती किया गया। घटना की जानकारी देते हुए टीआई सुदर्शन ध्रुव ने कहा कि तत्काल आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की,लेकिन तब तक आरोपी दूर जा चुके थे। हत्या में शामिल कुछ युवकों के जबलपुर के किसी गैंग से जुड़े होने की जानकारी मिली है। इधर आरोपी आशु के खिलाफ तिल्दा, खरोरा के साथ एमपी के जबलपुर थानों में अपराध दर्ज है। इधर पुलिस रिकॉर्ड में जितेंद्र भी माफी बदमाश के नाम से जाना जाता था।

भांजे ने कहा-वसूली की धमकी मिली थी

जितेंद्र के भांजे सुनील ने बताया है कि कुछ दिन पहले बीती दिवाली के समय आशु, फेन्टा नाम के बदमाशों ने मामा जितेंद्र को धमकाया था। वो ठेकेदारी का काम करते थे, बदमाशों ने एक लाख रुपए मांगे थे, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।इस विवाद के बारे में मामा ने बताया था। इसी वजह से शुक्रवार की रात बदमाश आशु, ईशु, फेन्टा, रवि और उसके अन्य साथियों ने पूरी प्लानिंग के साथ हमला किया।

scroll to top