Close

बिहार के 5 जिलों में हिंसा, 125 गिरफ्तार:नालंदा-सासाराम में दो दिन फायरिंग-बमबाजी; 1 की मौत

पटना- बिहार के पांच जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा के बाद हिंसा जारी है। नालंदा के बिहार शरीफ और सासाराम में दो दिन से फायरिंग और बमबाजी हो रही है। नालंदा में गोली लगने से एक की मौत हुई है। दोनों जगहों पर 38 लोग घायल हैं।भागलपुर और गया में भी विवाद हुआ है। मुंगेर में भी शनिवार की रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुटों में मारपीट और पथराव हुआ। अब तक 125 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पैरा मिलिट्री की 10 कंपनियां प्रभावित जिलों में भेजी गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बारे में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से फोन पर बात की। बिहार में आज शाम तक केंद्रीय अर्धसैनिक बल भेज दिए जाएंगे। रोहतास पुलिस ने उन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन किया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि सासाराम में मुसलमानों के डर से हिंदू अपना घर छोड़ रहे हैं। पुलिस ने कहा कि किसी ने अपना मोहल्ला नहीं छोड़ा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब हिंदुओं के लिए स्वतंत्र रूप से पूजा-पाठ और जुलूस निकालना मुश्किल हो रहा है। सीएम नीतीश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। सासाराम में रविवार को गृह मंत्री अमित शाह की सभा रद्द करनी पड़ी है। यहां 5 आईपीएस अफसरों की तैनाती की गई है। सासाराम में स्कूल-कॉलेज 4 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है।

scroll to top