#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में साड़ी घोटाले पर सियासत गरम, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का कांग्रेस पर हमला

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। बिलासपुर में छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग में साड़ी वितरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दी गई साड़ियों की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद अब इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

इस पूरे मामले पर विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान देते हुए कहा कि कई स्थानों से साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली हैं, लेकिन यह कहना गलत होगा कि पूरी सप्लाई खराब है।

साड़ियों को बदलने के दिए गए निर्देश
मंत्री ने कहा कि उन्होंने खुद साड़ी का उपयोग कर उसकी गुणवत्ता जांची है और उसे धोकर भी देखा गया है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां-जहां से शिकायतें मिली हैं, वहां खराब साड़ियों को बदलने के निर्देश दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच करवाई जा रही है।

लक्ष्मी राजवाड़े ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय भी साड़ी वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें आती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में वितरित साड़ियां इतनी खराब होती थीं कि उनका उपयोग तक ठीक से नहीं हो पाता था।

मंत्री ने यह भी कहा कि उस समय की साड़ियों को लेकर कई लोग व्यंग्य में कहते थे कि वे “मछली पकड़ने तक के काम आ जाती थीं।” उन्होंने दोहराया कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।