आंध्रप्रदेश में माओवाद को बड़ा झटका: PLGA के DVCM समेत 5 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, छत्तीसगढ़ में फैलाते थे आतंक

जगदलपुर।आंध्रप्रदेश में सुरक्षा बलों के लगातार दबाव और पुनर्वास नीति के प्रभाव के चलते माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान हुआ है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर क्षेत्र में सक्रिय रहे पीएलजीए (People’s Liberation Guerrilla Army) से जुड़े 5 नक्सलियों ने अल्लूरी सीताराम राजू जिले में आत्मसमर्पण कर दिया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में एक डीवीसीएम रैंक का सदस्य, तीन एसीएम/पीपीसीएम रैंक के सदस्य और एक कैडर सदस्य शामिल हैं। इन पर कुल मिलाकर लाखों रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी अमित बरदार ने जानकारी दी कि ऑपरेशन कागर सहित लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों के कारण नक्सलियों पर दबाव बढ़ा, जिससे उन्होंने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। डीवीसीएम स्तर के सदस्य पर ₹3 लाख और एसीएम रैंक के सदस्यों पर ₹1-1 लाख का इनाम घोषित था।
सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती इलाकों में चल रहे सुरक्षा अभियानों का असर अब पड़ोसी राज्यों तक दिखाई देने लगा है। यह आत्मसमर्पण नक्सली संगठन के ढांचे के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में और भी नक्सली आत्मसमर्पण कर सकते हैं।




