कांग्रेस में संगठन विवाद, वार्ड अध्यक्षों की सूची निरस्त; इस्तीफों से बढ़ा राजनीतिक तनाव

रायपुर। रायपुर में शहर जिला कांग्रेस के 70 वार्डों में वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। लगभग दो घंटे तक चले विचार-विमर्श के बाद प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने इस सूची को निरस्त करने का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह सूची बिना पीसीसी की अनुमति के शहर अध्यक्ष द्वारा जारी की गई थी।
सूची रद्द होने के बाद पार्टी में असंतोष देखने को मिला और इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि 35 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े दिनेश ठाकुर ने इस फैसले से नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों के अनुसार, यह सूची पूर्व विधायक अरुण वोरा और शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन द्वारा तैयार की गई थी। पहले जारी सूची में 70 वार्डों में से 13 वार्डों में दो अध्यक्षों की व्यवस्था भी की गई थी, जिसे बड़े और विस्तारित वार्डों में संगठन को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा था।
हालांकि, सूची जारी होते ही संगठन में असंतोष फैल गया और विरोध के चलते इसे वापस लेना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संगठन के भीतर आपसी खींचतान लगातार बढ़ रही है। भाजपा प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने बयान में कहा कि कांग्रेस में सत्ता और संगठन दोनों स्तर पर विवाद देखने को मिल रहे हैं और यह पार्टी की आंतरिक स्थिति को दर्शाता है।






