आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, दो सटोरिये गिरफ्तार; टेलीग्राम-व्हाट्सएप से चला रहे थे नेटवर्क

कवर्धा। कवर्धा जिले में आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने थाना पंडरिया क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पंडरिया थाना टीम ने घोघरापारा क्षेत्र में मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की। छापेमारी के दौरान महेंद्र ढीमर उर्फ छोटा (25 वर्ष) और नागेश्वर उर्फ सोनू राव (31 वर्ष), दोनों निवासी पंडरिया, को रंगे हाथों सट्टा संचालन करते हुए पकड़ा गया।
लेन -देन के लिए डिजिटल माध्यम
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से सट्टा लिंक प्राप्त कर मोबाइल नंबरों पर आईडी बनाते थे और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। सभी लेन-देन डिजिटल माध्यम से किए जा रहे थे।
टेलीग्राम, व्हाट्सएप चैट और बैंक खातों से जुड़े सबूत भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन स्मार्ट मोबाइल फोन (करीब 30 हजार रुपये मूल्य) जब्त किए हैं। साथ ही टेलीग्राम, व्हाट्सएप चैट और बैंक खातों से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में सट्टा और जुए के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





