#प्रदेश

डॉ. अंबेडकर जयंती पर रायपुर में व्याख्यानमाला, संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता पर मंथन

Advertisement Carousel

० “संविधान सिर्फ कानून नहीं, सामाजिक न्याय की नींव” – एस.के. पासवान

० “लोकतंत्र चुनाव से आगे, जवाबदेही और भागीदारी जरूरी” – डॉ. सुशील त्रिवेदी

० “ग्रामीण पत्रकारिता ही असली जमीनी सच सामने लाती है” – मनजीत कौर

० बाबा साहेब के समतामूलक समाज के विचार आज भी प्रासंगिक – डॉ. नंदन

रायपुर। अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल 2026) के अवसर पर स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन छत्तीसगढ़ (इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन से संबद्ध) द्वारा “संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता” विषय पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने संविधान की मूल भावना, लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों और पत्रकारिता की भूमिका पर गहन विचार रखे।
कार्यक्रम के संविधान सत्र में वक्ता एस.के. पासवान ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों की मजबूत नींव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि हर नागरिक संविधान को समझे और उसके मूल्यों को अपने जीवन में उतारे।

लोकतंत्र विषय पर अपने विचार रखते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुशील त्रिवेदी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनावी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर जागरूकता, जवाबदेही और जनभागीदारी का जीवंत तंत्र है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संस्थाओं की पारदर्शिता और मजबूती बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है, जिसमें मीडिया की भूमिका निर्णायक है।

ग्रामीण पत्रकारिता पर बोलते हुए मनजीत कौर ने कहा कि गांवों की आवाज को मुख्यधारा तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम पत्रकारिता ही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों की समस्याएं, हाशिए पर खड़े लोगों के मुद्दे और जमीनी सच्चाई को सामने लाना पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी है।

वहीं, डॉ. नंदन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सपना एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज का था। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब सामाजिक असमानताएं और नई चुनौतियां सामने हैं, तब बाबा साहेब के विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही अरुणिमा शर्मा के मधुर गीत से हुई, जिसने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। आयोजन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं और उपस्थितजनों ने ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए सराहना की।

कार्यक्रम संगठन के संरक्षक दिवाकर मुक्तिबोध की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य (आईजेयू) दिलीप कुमार साहू, विनीता मंडल हल्दार, प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ, उपाध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा, रेणु तिवारी “नंदी”, कृष्णा गोस्वामी, कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा, उपकोषाध्यक्ष सैयद सलमा, संयुक्त सचिव संतोष राजपूत, शिवशंकर पांडेय, जितेंद्र साहू, हरिमोहन तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी जयदास मानिकपुरी, अमित बाघ, लविंदर पाल सिंहोत्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा ने किया।