IITF 2026: अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प की धूम, CM विष्णुदेव साय ने ‘कोशल फैब’ कैटलॉग का किया विमोचन

रायपुर/नई दिल्ली। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2026) में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और आधुनिक हैंडलूम उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। मेले में छत्तीसगढ़ के स्वदेशी उत्पादों और बुनकरों की कलाकृतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ (Koshal Fab) के आधिकारिक कैटलॉग का विमोचन किया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बुनकरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘कोशल फैब’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह ब्रांड छत्तीसगढ़ के ग्रामीण बुनकरों और पारंपरिक शिल्पकारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ‘फार्म-टू-लूम’ और ‘लूम-टू-मार्केट’ की अवधारणा पर आधारित इस पहल के जरिए बुनकरों को संस्थागत खरीदारों और रिटेल बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
कोशल फैब के कैटलॉग में चांपा की प्रसिद्ध कोसा सिल्क, अलसी फैब्रिक और सरगुजा के बैगा सूती वस्त्रों से तैयार आधुनिक परिधानों को शामिल किया गया है। इनमें ऑफिस वियर, जैकेट, कुर्तियां, फॉर्मल शर्ट, इको-फ्रेंडली योगा मैट और होम डेकोर उत्पाद प्रमुख हैं।
‘शिल्प कुंज’ में बस्तर की महिला शिल्पकारों से मिले मुख्यमंत्री
व्यापार मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने छत्तीसगढ़ मंडप के ‘शिल्प कुंज’ और ‘कोशल फैब’ स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुकमा और बस्तर की जनजातीय महिला शिल्पकारों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और हस्तशिल्प निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने महिला कारीगरों द्वारा तैयार इको-फ्रेंडली प्लश टॉयज, बेलमेटल, टेराकोटा और बांस शिल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पारंपरिक बुनकरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आधुनिक डिजाइन, ब्रांडिंग और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
QR कोड से जान सकेंगे उत्पादों की पूरी कहानी
‘कोशल फैब’ के स्टॉल पर पारंपरिक बुनाई के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। यहां उत्पादों और स्टॉल पर QR कोड की सुविधा दी गई है। ग्राहक इसे स्कैन कर संबंधित उत्पाद को तैयार करने वाले कारीगर और छत्तीसगढ़ की बुनकर विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आधुनिक परिधानों से लेकर इको-फ्रेंडली योगा मैट तक की रेंज
व्यापार मेले में ‘कोशल फैब’ की ओर से कई आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें कोसा और अलसी से तैयार जैकेट, कुर्तियां, स्ट्राइप्ड एवं चेकर्ड फॉर्मल शर्ट, हैंडलूम बैग और पारंपरिक बॉर्डर वाले सूती योगा मैट शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनाई को आधुनिक फैशन और लाइफस्टाइल उत्पादों से जोड़ने की यह पहल राज्य के बुनकरों और महिला शिल्पकारों को नए बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





