#प्रदेश

नकल से बचें, ईमानदारी अपनाएं… , कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बच्चो को दिए ज्ञानवर्धक टिप्स

Advertisement Carousel

० “MAIC-वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं रोवर-रेंजर सम्मान समारोह”

रायपुर। महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, रायपुर में “वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं रोवर-रेंजर सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में विगत दिनों उत्साह एवं गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर के प्रथम पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” से हुई, तत्पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. जैस्मिन जोशी द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कॉलेज के ट्रस्टिगण का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि संजीव शुक्ला ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि निरंतर प्रयास एवं कठिन परिश्रम ही व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग का महत्व समझाते हुए कहा कि जीवन में समय का सही प्रबंधन ही आपके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करता है।

उन्होंने यह भी प्रेरित किया कि दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी रुचियों, प्रतिभा एवं व्यक्तित्व के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और उसी दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं महाविद्यालय के समग्र प्रयासों की सराहना करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्र सेवा एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व-चेयरमेन राजेश अग्रवाल ने रोवर-रेंजर टीम को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कभी हार न मानें, या तो जीत मिलती है या सीख। वहीं, चेयरमेन श्री रमेश अग्रवाल ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर निरंतर बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार कर सुधार करना चाहिए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया तथा रोवर-रेंजर इकाई के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती वर्तिका श्रीवास्तव द्वारा आभार प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन” के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।