दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों में टक्कर

दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब टैक्सीइंग के दौरान दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। इस घटना में स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट का B737-700 विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका दाहिना विंगलेट पास खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया। टक्कर के कारण दूसरे विमान के लेफ्ट हैंड हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस बीच 16 अप्रैल 2026 को दिल्ली से हैदराबाद जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 को एहतियातन वापस बे (bay) पर लौटा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा का विमान खड़ा था, तभी दूसरे विमान के संपर्क में आ गया।
अकासा एयर की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं और उन्हें समय पर विमान से उतार लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था करने की बात कही है।
फिलहाल संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।





