CG Accident :तेज रफ़्तार ट्रेलर की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत, पति और बच्चा घायल, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रायगढ़। रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर (CG-13-AD-2483) के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला उमा राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उनके पति टीकाराम राठिया और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतका उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और अपने परिवार के साथ सुबह गांव लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।





