Close

महाराष्ट्र : मोमबत्ती बनाने की फैक्ट्री में आग लगने से 4 महिलाओं की मौत, कई घायल

धुले (महाराष्ट्र ). मंगलवार को महाराष्ट्र के धुले जिले में मोमबत्ती बनाने की एक फैक्ट्री में आग लग जाने से चार महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, मुंबई से लगभग 320 किलोमीटर दूर स्थित जिले के वेसकेडी गांव में स्थित इस इकाई में महिलाएं सहित श्रमिक मोमबत्तियां बनाने में व्यस्त थे, तभी दोपहर करीब दो बजे परिसर में अचानक आग लग गई।

अधिकारी ने कहा कि आग में छह महिलाएं झुलस गईं और उनमें से चार को बाद में एक ग्रामीण अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। दमकल विभाग के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

 

scroll to top