#प्रदेश

रायपुर में भीषण गर्मी : बिलासपुर में पारा 44 डिग्री पार, आज अंधड़ और बारिश की संभावना

Advertisement Carousel

रायपुर। रायपुर समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर जारी है। दिन के साथ-साथ रात में भी उष्ण लहर लोगों को परेशान कर रही है। सोमवार को रायपुर में तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया।
सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस होने लगा था और दोपहर तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन उमस बढ़ गई। पिछले दस वर्षों में रायपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, हालांकि इस साल अभी तक यह 44 डिग्री को पार नहीं कर पाया है।

आज का मौसम 
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय है, जबकि विभिन्न ऊंचाइयों पर द्रोणिका और प्रति चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही, कहीं-कहीं अंधड़ चलने और वज्रपात की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से बढ़ोतरी का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

रायपुर में आज का हाल
मंगलवार को राजधानी में ग्रीष्म लहर चलने और रात भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।