मणिपुर में तड़के लगा 5.2 तीव्रता का भूकंप का झटका , जापान में सुनामी की चेतावनी

दिल्ली। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार मंगलवार तड़के मणिपुर में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं जापान में आए तेज भूकंप के बाद समुद्र में ऊंची लहरें उठीं और तटीय इलाकों में सुनामी का असर देखा गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
मणिपुर में सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी
NCS के मुताबिक, सुबह 5:59 बजे कामजोंग जिला में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 62 किलोमीटर की गहराई पर था। अचानक आए झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
जापान में भूकंप के बाद सुनामी का खतरा
जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की गईं। भूकंप की तीव्रता जापान के भूकंपीय पैमाने पर 7 में से 5 के ऊपरी स्तर पर रही और इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था।सरकारी समाचार एजेंसी क्योडो के अनुसार, एजेंसी ने पहले ही इस तरह के भूकंपों की चेतावनी जारी की थी।
सुनामी अलर्ट जारी
सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के अनुसार, होक्काइडो, आओमोरी और इवाते के प्रशांत तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। करीब 3 मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है।
वहीं फुकुशिमा समेत कई परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी तरह की असामान्यता की सूचना नहीं मिली है, जिससे बड़ी राहत मिली है।
सरकार ने लोगों को किया अलर्ट
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने लोगों से सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। वहीं JR East ने सुरक्षा के मद्देनजर टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच शिंकान्सेन बुलेट ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से रोक दी है।




