बस से 600 नग चांदी के पायल जब्त, 46 लाख के आभूषण देख पुलिस और यात्री हैरान

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेहटीखोल नाका पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक यात्री बस से 600 नग चांदी के पायल बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और यात्रियों के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने श्री श्याम ट्रैवल्स की एक बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान एक यात्री संदिग्ध पाया गया, जो नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर सफर कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष), निवासी कटक (ओडिशा) बताया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखे 600 नग चांदी के पायल बरामद हुए। इनका कुल वजन 18.590 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 46,68,090 रुपये आंकी गई है।
मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने चांदी के आभूषणों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन संबंधित व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण जब्त कर लिए।
पुलिस ने आगे की जांच के लिए मामले को आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को भेज दिया है। इस कार्रवाई को अवैध परिवहन के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।




