बदरीनाथ धाम के कपाट खुले LIVE: श्रद्धालुओं के लिए खुले द्वार, फूलों से सजा मंदिर, सुबह 6:15 बजे शुरू हुए दर्शन

बदरीनाथ। बदरीनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। बैसाख मास, शुक्ल पक्ष, पुनर्वसु नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्ध योग में सुबह 6:15 बजे विधिवत द्वार खोले गए। इस पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और कपाट खुलने के साक्षी बने।
इससे पहले बुधवार को ही भगवान उद्धव, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी धाम पहुंच चुकी थी, जबकि भगवान कुबेर की डोली रात्रि प्रवास के लिए बामणी गांव पहुंची।
25 कुंतल फूलों से सजा धाम
मंदिर परिसर और आसपास के प्राचीन मठ-मंदिरों को लगभग 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। सजावट से पूरा क्षेत्र दिव्य और आकर्षक नजर आ रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़
कपाट खुलने से पहले ही यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। अब तक करीब 550 वाहन धाम पहुंच चुके हैं। अनुमान है कि 10 हजार से अधिक श्रद्धालु अखंड ज्योति के दर्शन के लिए मौजूद हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद ले रहे हैं।
कपाट खुलने से पहले की प्रमुख परंपराएं
सुबह 4:00 बजे – दक्षिण द्वार से भगवान कुबेर का प्रवेश
4:15 बजे – मंदिर कर्मचारियों की तैनाती
5:30 बजे – रावल, धर्माधिकारी और वेदपाठी मंदिर में प्रवेश
5:40 बजे – द्वार पूजन संपन्न
6:15 बजे – श्रद्धालुओं के लिए कपाट खुले
11:00 बजे से – गर्भगृह में भगवान बदरीनाथ की विशेष पूजा शुरू
अब बदरीनाथ धाम की यात्रा आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।





