#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में फर्जी नियुक्ति पत्र मामला: सरकारी विभागों के नाम पर जालसाजी, जांच शुरू

Advertisement Carousel

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग के नाम पर एक फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का मामला सामने आया है। इस फर्जी दस्तावेज में विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का कथित रूप से इस्तेमाल किया गया है। आशंका है कि यह पत्र कई अभ्यर्थियों तक भी पहुंच चुका है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसी प्रक्रिया के बीच 5 मार्च 2026 की तारीख वाला एक फर्जी नियुक्ति अनुशंसा पत्र सामने आया है।

इस दस्तावेज में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। पत्र को डाक के माध्यम से भेजे जाने का भी उल्लेख है। इसमें अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और प्रशिक्षण के बाद परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त पर नियुक्ति की अनुशंसा जैसी बातें लिखी गई हैं।

फर्जी पत्र सामने आने के बाद मंत्रालय स्तर पर अफरा-तफरी का माहौल है, क्योंकि सरकारी कामकाज अब पूरी तरह डिजिटल प्रणाली पर आधारित है और ऐसे में सिस्टम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि इसमें विभागीय स्तर पर किसी कर्मचारी की संलिप्तता भी हो सकती है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।