छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के घर में घुसे नकाबपोश लुटेरों ने चलाई गोलियां, बड़े बेटे की मौत छोटा घायल, वारदात से सनसनी

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात हुई है। कांग्रेस नेता के घर लूट के इलाके से घुसे नकाबपोश लुटेरों ने गोलियां चलाई हैं। इस वारदात में उनके एक बेटे की दो गोलियां लगने से मृत्यु हो गई है, जबकि दूसरा बेटा घायल है। उसे एक गोली लगी है। वारदात के बाद लुटेरे भाग निकले। पुलिस मौके पर है और लुटेरों का सुराग नहीं मिला। अभी विस्तृत जानकारी आनी है।
लोकल मीडिया से मिली प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक बिर्रा क्षेत्र के गांव करही में तीन नकाबपोश लुटेरों ने ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर लूट की कोशिश की। बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार को निशाना बनाया और विरोध करने पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप पर दो गोलियां चलाई गईं, जबकि छोटे बेटे आशुतोष पर भी एक फायर किया गया। गंभीर रूप से घायल आयुष की मौत हो गई, वहीं आशुतोष के दाहिने कंधे पर गोली लगी है। जांजगीर जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके।





