व्हाइट हाउस डिनर में गोलियों की गूंज! ट्रंप बोले— “यह अमेरिका के संविधान पर हमला”

इंटरनेशनल न्यूज़: डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी के Hilton Hotel में आयोजित White House Correspondents Dinner के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा बयान दिया है।
हमले के करीब डेढ़ घंटे बाद मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह घटना पूरी तरह अप्रत्याशित थी और “यह अमेरिका के संविधान पर सीधा हमला है।” उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए United States Secret Service की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी तेजी और बहादुरी ने कई जिंदगियां बचा लीं।
ट्रंप ने बताया कि फायरिंग में एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई। “उसे बेहद नजदीक से एक शक्तिशाली हथियार से गोली मारी गई, लेकिन अब उसकी हालत ठीक है,” ट्रंप ने कहा।
राष्ट्रपति ने हमलावर को “खतरनाक और मानसिक रूप से अस्थिर” बताया और कहा कि उसे तुरंत पकड़ लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सीक्रेट सर्विस ने उन्हें, मेलानिया ट्रंप और अन्य मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ट्रंप ने यह भी दोहराया कि यह कार्यक्रम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को समर्पित था, जिसका उद्देश्य नेताओं और मीडिया को एक मंच पर लाना था।
पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि 13 जुलाई 2024 को डोनाल्ड ट्रंप पर पेंसिल्वेनिया के बटलर शहर में चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ था। करीब 400 फीट दूर से हमलावर ने असॉल्ट राइफल से गोली चलाई, जो ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई।
उस वक्त भी United States Secret Service ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रंप को सुरक्षित बाहर निकाला था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगातार हमलों के बीच ट्रंप का बयान अमेरिकी राजनीति में सुरक्षा और हिंसा को लेकर नई बहस छेड़ सकता है।





