वॉशिंगटन सुरक्षा घटना पर PM मोदी की प्रतिक्रिया, बोले— “लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं”

दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन डीसी में हुई सुरक्षा घटना पर चिंता जताते हुए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए और ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
यह घटना White House Correspondents Dinner के दौरान वॉशिंगटन डीसी में हुई, जब एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार और चाकू लेकर Hilton Hotel की लॉबी में घुस गया और बॉलरूम की ओर बढ़ने लगा, जहां कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता और पत्रकार मौजूद थे।
हालांकि, मौके पर तैनात United States Secret Service के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू में कर लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया और डोनाल्ड ट्रंप, जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो समेत सभी वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
पूरे कार्यक्रम स्थल को खाली करवा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




