टिहरी गढ़वाल में बड़ा हादसा: तोताघाटी के पास कार 400 मीटर गहरी खाई में गिरी, युवक घायल, युवती लापता

देवप्रयाग। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग क्षेत्र के तोताघाटी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में एक युवक घायल हो गया है, जबकि उसके साथ मौजूद युवती लापता बताई जा रही है। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) ब्यासी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
युवक सुरक्षित रेस्क्यू, युवती की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार कार में दो लोग सवार थे—एक युवक और एक युवती। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर DL 11 CD 3154 बताया जा रहा है।
SDRF टीम ने बेहद दुर्गम और खतरनाक इलाके में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल की पहचान अनीश (22), पुत्र संदीप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।
अनीश ने बताया कि वाहन में उसके साथ सोहनी (20), निवासी दिल्ली भी मौजूद थी, जो हादसे के बाद से लापता है। उसकी तलाश लगातार जारी है।
बचाव अभियान जारी, इलाके में दहशत
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और SDRF की टीमें गहरी खाई में उतरकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा जा रहा है, जबकि लापता युवती की तलाश के लिए अतिरिक्त टीमों को भी लगाया गया है।





