छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, आंधी-बारिश से मिलेगी राहत,अगले 5 दिनों में तापमान में आएगी कमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। दक्षिण के बाद अब मध्य क्षेत्रों में भी अंधड़ और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को कुछ स्थानों पर बादल गरजने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का दौर जारी रह सकता है। साथ ही अगले 5 दिनों तक सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
आज एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले दो दिनों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
आज ऐसा रहेगा रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार कश्मीर और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर आंतरिक उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए फैली हुई है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ की स्थिति बन रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।




