#प्रदेश #राष्ट्रीय

BREAKING: जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका, स्कूटी के उड़े परखच्चे

Advertisement Carousel

 

जालंधर। पंजाब के जालंधर में मंगलवार देर शाम सीमा सुरक्षा बल (BSF) मुख्यालय के बाहर अचानक जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

स्कूटी में हुआ ब्लास्ट, युवक गया था डिलीवरी देने
सूत्रों के मुताबिक गुरप्रीत नाम का एक युवक बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी खड़ी कर अंदर पार्सल देने गया था। इसी दौरान बाहर खड़ी स्कूटी में जोरदार धमाका हो गया, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। अचानक हुए विस्फोट से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
धमाके की आवाज सुनते ही बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

इलाके को किया गया सील, जांच जारी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र को घेरकर सील कर दिया गया है और सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे गंभीर सुरक्षा चूक के रूप में देखा जा रहा है।

पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने हाल के दिनों में पंजाब में हुई अन्य संदिग्ध घटनाओं की याद ताजा कर दी है। इससे पहले चंडीगढ़ में एक राजनीतिक कार्यालय के बाहर विस्फोट और पटियाला के शंभू रेलवे ट्रैक पर धमाके जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रही इन वारदातों ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां अब इन सभी मामलों को आपस में जोड़कर देख रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या बड़ी साजिश तो नहीं है। फिलहाल अधिकारी फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।