असम में नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू, हिमंत बिस्वा सरमा ने सौंपा इस्तीफा,सरकार गठन तक कार्यवाहक सीएम

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के औपचारिक अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य में नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने आज अपने मंत्रिपरिषद के साथ पद से इस्तीफा दे दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, सरमा ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना और मंत्रिपरिषद का इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, हालांकि नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य जारी रखने को कहा गया है।
सरमा ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi को असम की नई सरकार के गठन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भाजपा आलाकमान की ओर से JP Nadda और Nayab Singh Saini को विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। जैसे ही वे बैठक की तारीख तय करेंगे, नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की जाएगी और नेता का चयन किया जाएगा।
भाजपा गठबंधन को मिला स्पष्ट बहुमत
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा नीत एनडीए ने 82 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 10-10 सीटें मिलीं। अन्य दलों ने भी कुछ सीटों पर जीत दर्ज की है।
चुनावी परिणामों के बाद राज्यभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर जश्न मनाया गया।
अब सबकी नजर विधायक दल की बैठक पर
अब सभी की नजर भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी है, जहां नेता का औपचारिक चुनाव किया जाएगा। माना जा रहा है कि एक बार फिर हिमंत बिस्वा सरमा को ही विधायक दल का नेता चुना जा सकता है, जिसके बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख घोषित की जाएगी।




