#प्रदेश

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। मंगलवार शाम तेज अंधड़ और झमाझम बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। उत्तर और मध्य इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री के नीचे आ गया है।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

अगले 5 दिन तक असर

दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रीय परिसंचरण सिस्टम सक्रिय हैं, जिनका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इन सिस्टम्स के कारण कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने (वज्रपात) का भी खतरा है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर में 6 मई को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।