महासमुंद में 1.14 करोड़ का गांजा जब्त, महाराष्ट्र ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। महासमुंद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने एक पिकअप वाहन से 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर महाराष्ट्र जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने गनियारीपाली गांव स्थित NH-53 पर सिल्की ढाबा के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
खाली कैरेटों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन में रखे खाली कैरेटों के पीछे बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 226.600 किलोग्राम निकला। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में बताई। दोनों अहमदनगर के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा बालिगुड़ा से अहमदनगर लेकर जा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




