सक्ती में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ASI, एसीबी ने ढाबे से किया गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एसीबी बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर एक मामले में कार्रवाई हल्की करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव की एक महिला द्वारा दर्ज मारपीट मामले में उसके परिवार पर सख्त कार्रवाई न करने के बदले ASI एस.एन. मिश्रा ने 40 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की जानकारी एसीबी को दी। शिकायत की जांच और सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये की रकम ले चुका था और बाकी 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शनिवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी ASI को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में शेष रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ पहले से भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल एसीबी आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।





