चलती बस में युवक की मौत, इलाहाबाद से बिलासपुर जा रहा था यात्री, जाँच में जुटी पुलिस

कवर्धा। इलाहाबाद से बिलासपुर आ रही एक यात्री बस में सफर कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक बस की सीट पर बैठा था, तभी अचानक अचेत हो गया। जब बस स्टाफ को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बस चालक और परिचालक युवक को लेकर सीधे पंडरिया थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को युवक के पास से इलाहाबाद से बिलासपुर तक का टिकट मिला है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पंडरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास जारी है।





