#प्रदेश

CG Weather Update : रायपुर में फिर बढ़ेगी गर्मी, पिछले 24 घंटों में 2 डिग्री चढ़ा पारा , आज बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अब गर्मी दोबारा जोर पकड़ सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में आज दोपहर और शाम के समय बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं लाभांडीह, बिलासपुर और रायपुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में भी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बावजूद दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

कई सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार प्रदेश के मौसम पर कई सिस्टम सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम दिशा में बना हुआ है, जबकि मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक और बिहार से आंध्र प्रदेश तक फैली द्रोणिकाओं का असर भी छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी और श्रीलंका के आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम सक्रिय बना हुआ है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि इन सिस्टमों के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटों के भीतर निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। साथ ही आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के संकेत भी मिल रहे हैं।

रायपुर का आज का हाल

राजधानी रायपुर में आज दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।