#crime #प्रदेश

जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: आम की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा 1 करोड़ का 207 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Advertisement Carousel

जशपुर। जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के दोकड़ा चौकी अंतर्गत पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम देवरी और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान संदिग्ध सफेद पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान सामने आया कि वाहन में कच्चे आम से भरे कैरेट रखे गए थे, जिनके नीचे बड़ी चालाकी से गांजा छिपाया गया था। पुलिस ने कुल 207 पैकेट में लगभग 207 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

इस मामले में आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम विमड़ा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।