बलौदा बाजार में देर रात किराना गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

बलौदाबाजार। Baloda Bazar के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के किराना गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। घटना में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए दमकल की करीब दस गाड़ियां लगातार मशक्कत करती रहीं।
तेल-घी के पीपों से तेजी से फैली आग
जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य ज्वलनशील किराना सामग्री रखी हुई थी। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। वहीं Raipur से अतिरिक्त दमकल टीम बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
रात 3 बजे मिली आग लगने की सूचना
दुकान संचालक विकास आरतानी ने बताया कि वे रात करीब 9 बजे दुकान और गोदाम बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी और गोदाम में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल
आग बुझाने पहुंची बलौदा बाजार फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी को धक्का देकर स्टार्ट करना पड़ा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की व्यवस्था और संसाधनों पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले में आपातकालीन सेवाओं की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। लोगों ने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद जरूरी संसाधनों के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा, जो भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकता है।





