#प्रदेश

सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री साय का कड़ा रुख: लापरवाही पर सहायक आयुक्त निलंबित, शिक्षा और आवास योजनाओं की समीक्षा

Advertisement Carousel

कोरिया। कोरिया जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सख्त प्रशासनिक रवैया देखने को मिला। विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक के बीच मुख्यमंत्री ने सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके खिलाफ कार्य में लापरवाही और शिकायतों की लगातार जानकारी मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। जिले में परीक्षा परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं आने पर उन्होंने कलेक्टर को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए ठोस प्रयास आवश्यक हैं।

सुशासन तिहार के चौपाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।