#प्रदेश

पेयजल संकट पर मुख्यमंत्री साय सख्त, कहा- “हर हाल में लोगों तक पहुंचे पानी, बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं”

Advertisement Carousel

 

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत कोरिया जिले में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि गांवों और नगरीय निकायों में कहीं भी पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आम नागरिकों को पानी की समस्या का सामना करना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पेयजल संकट के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या बहानेबाजी नहीं चलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों से पेयजल समस्या की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान समय पर नहीं हुआ तो संबंधित कलेक्टर की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन पानी टंकियों के कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जहां टंकियों का निर्माण कार्य जारी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।