#प्रदेश

छत्तीसगढ़ को जल्द मिलेगा नया ‘फॉरेस्ट बॉस’: HOFF पद के लिए दो वरिष्ठ अफसरों के नाम फाइनल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए वन बल प्रमुख (HOFF) और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें नए वन प्रमुख के लिए दो वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों के नामों पर मुहर लगाई गई।

जानकारी के मुताबिक नए HOFF पद के लिए तैयार किए गए पैनल में वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी कौशलेंद्र कुमार और अरुण कुमार पांडे के नाम शामिल किए गए हैं। अब यह दो सदस्यीय पैनल अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पास भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री इनमें से किसी एक नाम पर अंतिम फैसला लेंगे।

बताया जा रहा है कि वर्तमान वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसी वजह से शासन नए वन प्रमुख की नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने में जुटा हुआ है, ताकि विभाग में नेतृत्व का सुचारू हस्तांतरण हो सके।

सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक फेरबदल और वन विभाग के नए अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) मनोज पिंगुआ के कार्यभार संभालने के कारण डीपीसी बैठक कुछ समय के लिए टाल दी गई थी। हालांकि अब शासन ने प्रक्रिया को तेज करते हुए चयन की दिशा में अहम कदम बढ़ा दिया है।

अब पूरे वन महकमे की नजर मुख्यमंत्री के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है, जिसके बाद छत्तीसगढ़ को नया ‘फॉरेस्ट बॉस’ मिल जाएगा।