CSIDC बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: बालोद में नया उद्योग केंद्र, राजनांदगांव में इंडस्ट्रियल फैसिलिटेशन कॉम्प्लेक्स को मंजूरी

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (CSIDC) की 160वीं संचालक मंडल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने की।
उद्योग भवन में आयोजित इस बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार, उद्योग संचालनालय के संचालक प्रभात मलिक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। प्रमुख निर्णयों में बालोद जिले में नए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कार्यालय भवन के निर्माण तथा राजनांदगांव में इंडस्ट्रियल फैसिलिटेशन कॉम्प्लेक्स के निर्माण को स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा राज्य मंत्रिपरिषद के निर्णय के अनुरूप नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) के आगामी शैक्षणिक सत्र को जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री क्रय और अन्य व्यवस्थाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।





