Disha Salian Case: FIR में नाम आने पर सूरज पंचोली का बड़ा बयान, बोले- ‘मैं कभी दिशा से मिला ही नहीं’, जांच में सहयोग का दिया भरोसा

मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। सीबीआई की ओर से केस में एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद अभिनेता सूरज पंचोली ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। एफआईआर में नाम आने के बाद सूरज ने स्पष्ट किया कि उनका दिशा सालियान से कभी कोई संपर्क नहीं रहा और वह उनसे कभी मिले तक नहीं।
सूरज ने कहा- मेरा नाम बेवजह जोड़ा जा रहा
सूरज पंचोली ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पिछले कई वर्षों से अलग-अलग रिपोर्ट और बयानों के जरिए दिशा सालियान की मौत से जुड़े विवाद में उनका नाम लिया जाता रहा है। उन्होंने दावा किया कि वह अपनी जिंदगी में कभी दिशा सालियान से नहीं मिले।
अभिनेता ने कहा कि इस मामले से उन्हें जोड़ने वाला कोई सबूत या प्रमाण सामने नहीं आया है। लगातार उनका नाम इस विवाद में आने से वह परेशान हैं, लेकिन लंबे समय तक उन्होंने हर रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देने से खुद को दूर रखा।
‘पुलिस और सीबीआई पहले ही कर चुकी है पूछताछ’
सूरज ने अपने बयान में कहा कि इस मामले में जांच एजेंसियां उनसे पहले ही पूछताछ कर चुकी हैं। उनके मुताबिक, करीब 4-5 साल पहले उनका बयान दर्ज किया गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच एजेंसियों को दोबारा पूछताछ या किसी अन्य जानकारी की जरूरत होती है तो वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
‘गहन जांच का समर्थन करता हूं’
अभिनेता ने कहा कि वह दिशा सालियान की मौत की निष्पक्ष और गहन जांच के पक्ष में हैं। साथ ही उन्होंने बिना सबूत किसी व्यक्ति के खिलाफ दावे और प्रचार किए जाने पर भी सवाल उठाया।
सूरज ने कहा कि किसी की मौत से जुड़े मामले की जांच अपनी जगह जरूरी है, लेकिन बिना प्रमाण किसी दूसरे व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
‘हेडलाइन कोई सबूत नहीं होती’
सूरज ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर बात को सच नहीं माना जाना चाहिए। किसी खबर की हेडलाइन या टीवी पर कही गई बात अपने आप में किसी आरोप का सबूत नहीं होती।
अभिनेता ने कहा कि वह लंबे समय तक चुप रहे, लेकिन अब अपने नाम को ऐसी घटना से लगातार जोड़े जाने की अनुमति नहीं देंगे, जिससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून और जांच एजेंसियों पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि जांच के बाद सच सामने आएगा।
क्या है दिशा सालियान केस?
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे।
दिशा की मौत की शुरुआती जांच के बाद मामला बंद कर दिया गया था। बाद में सोशल मीडिया पर सामने आए विभिन्न दावों के बीच 2023 में मामले की जांच दोबारा शुरू की गई और SIT गठित की गई। 2025 में दिशा के पिता ने जांच में कथित खामियों को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया था। इसके बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।




